September 14, 2026

भोपाल। गुजरात में सामने आए जहरीली शराब कांड की जांच में मध्यप्रदेश कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात पुलिस ने मामले के कथित मुख्य आरोपी रईस को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, रईस की ससुराल भोपाल के करोंद इलाके में है, जहां से उसे पकड़ा गया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो महीने से गुजरात में जहरीली शराब की सप्लाई कर रहा था। इस घटना में अब तक 9 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।

मुरैना से तैयार हुई थी जहरीली शराब

पुलिस की जांच में जहरीली शराब के तार मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से जुड़े पाए गए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, मुरैना निवासी नरेंद्र यादव उर्फ डॉक्टर ने कथित तौर पर जहरीली शराब तैयार की थी।

बताया जा रहा है कि नरेंद्र यादव और रईस, गुजरात के स्थानीय शराब तस्कर गौतम सोलंकी के साथ मिलकर नेटवर्क के तौर पर काम कर रहे थे। हालांकि, जहरीली शराब बनाने का कथित आरोपी नरेंद्र यादव खुद भी इसका शिकार हो गया और शराब पीने के बाद उसकी मौत हो गई।

21 आरोपी नामजद, 13 गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने अब तक 21 आरोपियों को नामजद किया है। इनमें से 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जांच के दौरान पुराने जहरीली शराब मामलों से भी इस नेटवर्क के तार जोड़े जा रहे हैं। करीब पांच वर्ष पहले मध्यप्रदेश के मुरैना में हुए जहरीली शराब कांड में 24 लोगों की मौत हुई थी।

फिलहाल गुजरात पुलिस गिरफ्तार रईस से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि जहरीली शराब की सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें मध्यप्रदेश तथा गुजरात के और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *