रायपुर। जल जीवन मिशन के तहत जिलों में काम पूरा करने के बावजूद निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को लंबे समय से भुगतान नहीं मिल पा रहा है। बकाया राशि को लेकर परेशान ठेकेदार अब आंदोलन की तैयारी में हैं। छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में 27 अक्टूबर को रायपुर में घड़ी चौक से अंबेडकर चौक तक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

करीब 5 हजार करोड़ रुपये का भुगतान लंबित होने का दावा
एसोसिएशन के अध्यक्ष बीरेश शुक्ला के मुताबिक, एजेंसियों का करीब पांच हजार करोड़ रुपये का भुगतान पिछले तीन साल से लंबित है। जल जीवन मिशन के तहत मल्टी विलेज योजना, सिंगल विलेज योजना, एमबीएस योजना, सोलर आधारित योजना, रनिंग वाटर योजना, नलकूप खनन योजना सहित विभिन्न योजनाओं में निर्माण कार्य कराए गए हैं। उनका आरोप है कि काम पूरा होने के बाद भी संबंधित एजेंसियों को भुगतान नहीं किया गया है।
कर्ज लेकर पूरा किया काम, किस्त चुकाना मुश्किल
ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने योजनाओं के तहत काम पूरा करने के लिए बैंकों और वित्तीय संस्थानों से कर्ज लिया था। भुगतान लंबे समय से अटके होने के कारण अब उनके लिए बैंक की किस्तें चुकाना मुश्किल हो रहा है। एसोसिएशन के मुताबिक, आर्थिक दबाव के चलते कई ठेकेदारों को आत्महत्या जैसा गंभीर कदम भी उठाना पड़ा है।
जल जीवन मिशन के संचालन पर भी असर
जल जीवन मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर तक नल के माध्यम से पेयजल पहुंचाना है। हालांकि, भुगतान संकट के चलते योजना के संचालन और रखरखाव पर भी असर पड़ने की बात सामने आ रही है। ठेकेदारों का कहना है कि पर्याप्त संचालन और रखरखाव नहीं होने से ग्रामीणों को योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
एसोसिएशन ने बकाया भुगतान के मुद्दे को लेकर 27 अक्टूबर को प्रदर्शन का ऐलान किया है।