November 5, 2026

मध्य प्रदेश के अशोकनगर दौरे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का अलग अंदाज देखने को मिला। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैलगाड़ी की सवारी की और युवाओं के साथ संवाद के दौरान लोकप्रिय बॉलीवुड गानों पर जमकर थिरके। हालांकि, दौरे के अंतिम चरण में गले में परेशानी और आवाज बैठने के कारण उन्हें कुछ कार्यक्रम रद्द करने पड़े। स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते उनका दौरा एक दिन पहले ही समाप्त करना पड़ा।

ग्राम चौपाल में बैलगाड़ी की सवारी, ग्रामीणों से किया संवाद

चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सेमरखेड़ी में आयोजित ‘ग्राम चौपाल’ कार्यक्रम के दौरान सिंधिया पारंपरिक अंदाज में बैलगाड़ी की सवारी करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनके बीच समय बिताया।

सिंधिया का यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना। ग्रामीण परिवेश में बैलगाड़ी की सवारी करते हुए उन्होंने अपने दौरे को स्थानीय रंग देने की कोशिश की।

‘ओ-ओ जाने जाना’ और ‘झुमका गिरा रे’ पर थिरके सिंधिया

‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री का एक अलग ही रंग देखने को मिला। यहां उन्होंने ‘ओ-ओ जाने जाना’, ‘झुमका गिरा रे’ और ‘अपनी तो जैसे-तैसे’ जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गानों पर युवाओं के साथ डांस किया।

मौके पर मौजूद युवाओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान सिंधिया ने युवाओं से बातचीत करते हुए कहा, “आपसे ही मुझे असली एनर्जी मिलती है, मेरा शरीर का कतरा-कतरा आपके लिए न्योछावर है।”

आवाज बैठने पर बोले- शरीर और दिल में आपके लिए धड़कन है

दौरे के अंतिम चरण में सिंधिया को गले में परेशानी होने लगी और उनकी आवाज बैठ गई। इसके चलते कुछ कार्यक्रम निरस्त करने पड़े। सहराई में उद्बोधन के दौरान जब उनकी आवाज लड़खड़ाई, तो उन्होंने जनता से कहा, “आवाज नहीं निकल रही है, लेकिन मेरे शरीर और दिल में आपके लिए धड़कन बहुत है।”

स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण उनके दौरे में एक दिन की कटौती की गई। ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के तुरंत बाद वह ग्वालियर के लिए रवाना हो गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *