
मगरखेड़ी में टैंकर ब्लास्ट: एक की मौत, दो गंभीर घायल
मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम मगरखेड़ी में एक टैंकर में वेल्डिंग के दौरान अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टैंकर के लोहे के टुकड़े लगभग 500 मीटर दूर तक जा गिरे और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में पास में बकरियां चरा रहे भीम रोकड़े मलबे की चपेट में आ गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
विस्फोट में टैंकर चालक विनोद (उत्तर प्रदेश निवासी) और वेल्डिंग कर रहे नितेश (बिहार निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
धमाके से पास में खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि आसपास के कई मकानों की खिड़कियों के कांच भी टूट गए।
सूचना मिलने पर खलटाका पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।