अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत
यह घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत हुई। मृतक की पहचान जुगेश्वर पिता शंकर पावले (25) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रेमहला और लवजी गांव के बीच स्थित झिलमिली जंगल में खेत की फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए करंट बिछाया गया था। इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल खेत में करंट बिछाने और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।