भोपाल। विधायक निर्मला सप्रे की विधानसभा सदस्यता से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष को दो महीने के भीतर निपटारा करने का निर्देश दिया है। अदालत के इस आदेश के बाद मामले में विधानसभा अध्यक्ष के अगले कदम पर नजरें टिकी हैं।

कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं सप्रे
निर्मला सप्रे कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुनी गई थीं। लोकसभा चुनाव के दौरान उनके कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने की बात सामने आई थी। हालांकि, उन्होंने आधिकारिक रूप से विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया था।
इसके बाद कांग्रेस और विपक्ष ने दल-बदल कानून के तहत उनकी सदस्यता समाप्त करने की मांग उठाई। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए याचिका दायर की थी।
हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली तो सुप्रीम कोर्ट पहुंचे सिंघार
उमंग सिंघार ने पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का रुख किया था, जहां उनकी याचिका खारिज हो गई। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की।
सुप्रीम कोर्ट ने अब विधानसभा अध्यक्ष को दो महीने के भीतर मामले का निपटारा करने का निर्देश दिया है। निर्मला सप्रे की सदस्यता पर अंतिम फैसला अभी नहीं आया है।