नर्मदापुरम। जिले के पिपरिया में शराब को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक को सड़क से पकड़कर वाहन में बैठाते और उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। युवक की पहचान रामनगर निवासी बृजेश कहार के रूप में हुई है। आरोप है कि वह शोभापुर से शराब लेकर लौट रहा था, इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके साथ मारपीट की।

मामले में पुलिस ने गब्बर, शशि, रोहित और राजू के खिलाफ अपहरण और मारपीट समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
शोभापुर से शराब लेकर लौट रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक बृजेश कहार 23 सितंबर को शोभापुर से शराब की आठ बोतलें लेकर लौट रहा था। आरोप है कि तरौन रोड पर सफेद बोलेरो में सवार चार लोगों ने उसे रोका। इसके बाद उसके पास मौजूद शराब की जांच की गई और उसे वाहन में बैठाकर ले जाया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रास्ते में उसके साथ मारपीट की गई और उस पर शराब को बिक्री के लिए लाने की बात कबूल करने का दबाव बनाया गया।
वायरल वीडियो के बाद सामने आया मामला
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो में युवक के साथ कुछ लोग मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और चार नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बृजेश को उसी दिन शाम करीब 5:55 बजे मोकलवाड़ी के पास सात बोतल अवैध शराब के साथ पकड़े जाने का उल्लेख है। वहीं वायरल वीडियो और युवक को रोके जाने की घटना को लेकर पुलिस अलग-अलग तथ्यों की जांच कर रही है।
शराब ठेकेदार ने आरोपों से किया इनकार
मामले में शराब ठेकेदार अटल राय का नाम भी चर्चा में आया है। हालांकि, उन्होंने आरोपों से खुद को अलग करते हुए कहा कि वीडियो में नजर आ रहे लोग उनके कर्मचारी या उनके आदमी नहीं हैं।
पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो, घटनास्थल और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पहले भी युवक को बंधक बनाने का आरोप
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप सामने आया है कि इससे पहले 19 जुलाई को भी शोभापुर से शराब लेकर लौट रहे एक युवक को कथित तौर पर करीब तीन घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट की गई थी। इस दावे की भी पुलिस जांच के जरिए पुष्टि होना बाकी है।
एसपी बोले- पूरे मामले की गहराई से जांच जारी
पिपरिया मामले को लेकर नर्मदापुरम एसपी साई कृष्णा एस. थोटा ने कहा है कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो, FIR में दर्ज तथ्यों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में शामिल लोगों की भूमिका क्या थी और शराब की अवैध बिक्री या अन्य गतिविधियों से इसका कोई संबंध था या नहीं।