November 26, 2026

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के भगवां संकुल अंतर्गत सोरखी स्कूल में बच्चों को परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां भोजन की थाली में छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भोजन की थाली में दिखी छिपकली

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में रोजाना की तरह बच्चों को मध्याह्न भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान एक थाली में छिपकली दिखाई दी। इसके बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भोजन समूह संचालक लखन यादव की देखरेख में तैयार किया गया था। घटना के बाद भोजन की गुणवत्ता और उसे तैयार करने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

समय रहते चला पता, बच्चों ने नहीं खाया भोजन

गनीमत रही कि भोजन में छिपकली दिखाई देने के बाद बच्चों ने उसे नहीं खाया। समय रहते इसका पता चलने से संभावित अनहोनी टल गई। हालांकि, इस घटना ने स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की सुरक्षा और गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

अभिभावकों में नाराजगी

स्थानीय ग्रामीणों ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में चिंता और नाराजगी है। उनका कहना है कि स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि उनकी सेहत और सुरक्षा से खिलवाड़ न हो सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *