जगदलपुर। बस्तर में बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं आम लोगों को राहत राशि नहीं मिलने का मुद्दा अब राजनीतिक तूल पकड़ने लगा है। बुधवार को जगदलपुर के आमागुड़ा चौक पर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

समझाइश के बाद भी नहीं माने प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बातचीत कर चक्काजाम खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया। इस दौरान सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।
किसानों के लिए 65 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजे की मांग
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं आम लोगों को अब तक उचित मुआवजा और राहत राशि नहीं मिली है। पार्टी ने सरकार से प्रभावित किसानों को 65 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से सहायता देने और प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित लोगों को जल्द राहत नहीं दी गई और उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।