ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी में स्ट्रीट डॉग के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से हमला कर एक कुत्ते की हत्या कर दी, जबकि दूसरे कुत्ते को भी कुल्हाड़ी मारकर घायल कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

एक कुत्ते की मौत, दूसरा घायल
जानकारी के मुताबिक, पीएचई कॉलोनी में एक व्यक्ति ने स्ट्रीट डॉग पर कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले में कुत्ते की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने दूसरे कुत्ते पर भी हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद कॉलोनी में रहने वाले लोगों में नाराजगी है।
महिला ने पुलिस से की शिकायत
कॉलोनी निवासी रजनी नाम की महिला ने हजीरा थाने में मामले की शिकायत की है। महिला ने पुलिस को घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। फुटेज में कुत्तों पर हमला किए जाने की घटना रिकॉर्ड हुई है।
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान में जुटी पुलिस
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के मुताबिक, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। आरोपी की पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।