तिलक नगर थाना क्षेत्र के एक होटल के कमरा नंबर 101 में ब्यूटीशियन की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पुरुष मित्र दीपक खंडेलवाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

होटल में महिला की तबीयत खराब होने की बात कहकर निकला था युवक
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक, 38 वर्षीय ब्यूटीशियन सोनाली शर्मा और दीपक खंडेलवाल ने होटल का कमरा बुक किया था। पुलिस के अनुसार, महिला करीब आधे घंटे तक कमरे में रही।
इसके बाद दीपक कमरे से बाहर आया और होटल कर्मचारियों को बताया कि उसके साथ रुकी महिला की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाना है। महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाकर आत्महत्या की बात
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई।
इसके बाद महिला के परिजनों की शिकायत और पुलिस के पास उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर दीपक खंडेलवाल के खिलाफ आत्महत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
कई महीनों से दीपक से बातचीत की जानकारी
पुलिस जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि सोनाली शर्मा के पति ब्यावर में रहते थे, जबकि वह अपने दो बच्चों के साथ पिता के घर रहती थी। बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से उसकी दीपक खंडेलवाल से बातचीत थी।
फिलहाल पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।