भाजपा के सोशल मीडिया पर कांग्रेस और सरकार के आलोचकों को ‘नाराज फूफा’ बताए जाने को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि नाराज फूफा कोई एक नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और देश की जनता सरकार से त्रस्त है और जनता को वास्तविक मुद्दों से भटकाने के लिए भाजपा इस तरह की बातें कर रही है।

BJP के रैप सॉन्ग पर बैज का पलटवार
दरअसल, भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर एक रैप सॉन्ग वीडियो जारी किया गया है। इसमें सरकार की आलोचना करने वालों को ‘नाराज फूफा’ बताया गया है। इसी को लेकर मीडिया के सवाल पर दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधा।
बैज ने कहा कि “फूफा किसे कह रहे हैं, असली फूफा तो आप लोग हैं।” उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों और कथित नकली पेट्रोल के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार से जनता परेशान है।
‘सरकार कैबिनेट बैठक कर ले, Gen Z को नहीं साध सकती’
साय कैबिनेट के फैसलों पर प्रतिक्रिया देते हुए पीसीसी चीफ ने कहा कि सरकार कितनी भी कैबिनेट बैठकें कर ले, लेकिन देश और प्रदेश की Gen Z को साध नहीं सकती। बैज ने आरोप लगाया कि युवाओं के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया है।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि दोनों विभागों में अव्यवस्थाएं हैं और इन्हीं मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं।
PM मोदी के जन्मदिन पर BJP की यात्रा पर भी निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की प्रस्तावित यात्रा को लेकर भी दीपक बैज ने सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ पेट्रोल-डीजल बचाने की बात की जाती है, जबकि दूसरी ओर 25 साल का कार्यकाल पूरा होने पर यात्रा निकाली जा रही है।
बैज ने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को लेकर भी आरोप लगाए और कहा कि जनता को कथित तौर पर ‘डुप्लीकेट पेट्रोल’ दिया जा रहा है।
उन्होंने महंगाई, रोजगार और लोकतंत्र जैसे मुद्दों को लेकर भी केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को जनता से माफी मांगनी चाहिए और कहा कि सरकार के पास धोखा देने और जुमलेबाजी के अलावा कुछ नहीं है।
बारिश और जलभराव को लेकर भी सरकार को घेरा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा अधिकारियों को क्षेत्रों में जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाने पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
बैज का दावा है कि इस वर्ष कम बारिश के बावजूद कई शहरों में जलभराव की स्थिति बनी और कुछ जगहों पर हालात इतने खराब हुए कि नाव चलाने जैसी स्थिति बन गई। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आम जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है।
तीन दिन चलेगा कांग्रेस का प्रशिक्षण कार्यक्रम
कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर दीपक बैज ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण चल रहा है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की ट्रेनिंग तीन दिनों तक चलेगी।
उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल नहीं: बैज
छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले उद्योगों के महाकुंभ को लेकर भी पीसीसी चीफ ने सरकार पर हमला बोला। बैज ने कहा कि सरकार महाकुंभ करे या मेला लगाए, लेकिन प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगपति से लेकर आम जनता तक परेशान है और प्रदेश के खनिज संसाधनों को कुछ बड़े उद्योगपतियों के हित में इस्तेमाल किया जा रहा है। बैज ने कहा कि केवल आयोजन करने से समस्या का समाधान नहीं होगा और प्रदेश के उद्योगपतियों की अपेक्षाएं पूरी होनी चाहिए।