November 5, 2026

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंत्रालय के सामने स्थित हाई-सिक्योरिटी परिसर सतपुड़ा भवन में चोरी का मामला सामने आया है। यहां तीसरी मंजिल पर स्थित नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर (NIC) के कार्यालय और गलियारे में लगे करीब 20 एयर कंडीशनर (AC) के कॉपर वायर काटकर चोरी कर लिए गए। हैरानी की बात यह है कि घटना का पता चलने के बाद भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में 28 दिन लग गए। अब पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सार्वजनिक अवकाश के दौरान वारदात

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना 12 से 14 सितंबर के बीच सार्वजनिक अवकाश के दौरान हुई। चोरों ने सतपुड़ा भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित NIC कार्यालय और गलियारे में लगे एसी को निशाना बनाया। आरोपियों ने करीब 20 एसी के कॉपर वायर काटे और उन्हें लेकर फरार हो गए।

कार्यालय खुलने के बाद चोरी का पता चला। घटना के सामने आने के बाद भवन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं।

CCTV व्यवस्था पर भी उठे सवाल

सतपुड़ा भवन राज्य के प्रमुख प्रशासनिक परिसरों में शामिल है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर चोरी की घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, संबंधित गलियारों में CCTV कैमरे नहीं होने या उनके काम नहीं करने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

28 दिन बाद दर्ज हुई FIR, देरी की भी होगी जांच

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सतपुड़ा भवन और आसपास के रास्तों पर लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि घटना के 28 दिन बाद शिकायत मिलने और FIR दर्ज होने में हुई देरी के कारणों की जांच की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *