November 6, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित पावर प्लांट में शराब बेचने को लेकर विवाद के बाद बलवा और पथराव की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर में शराब की बिक्री का विरोध करने पर मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में बढ़ गया। घटना के दौरान रायखेड़ा के सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

शराब बेचने को लेकर शुरू हुआ विवाद

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पावर प्लांट परिसर में शराब बेचने को लेकर बिहारी और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। वहीं, गांव में शराब बिक्री का ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने से भी तनाव बढ़ने की जानकारी है। विवाद के बाद मौके पर पथराव शुरू हो गया।

सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़, पुलिस पर भी हमला

घटना के दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी के शीशे टूट गए। सूचना मिलने पर खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। इस दौरान थाना प्रभारी को चोट लगने की जानकारी सामने आई है। अन्य पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की बात कही जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे

मामले में CSP विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि रायखेड़ा स्थित पावर प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मजदूरों की ओर से पथराव किए जाने के कारण सरपंच के वाहन के कांच टूट गए।

CSP के मुताबिक, सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस दौरान थाना प्रभारी को चोट आई। वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई और जांच की जानकारी का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *