रायपुर। भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय संकुल संयोजक वीडी शर्मा अपने दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। यह प्रतिक्रिया उन्होंने ‘चौकीदार चोर है’ टिप्पणी से जुड़े मामले में राहुल गांधी की याचिका बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के बाद दी।
वीडी शर्मा ने कहा कि सत्ता पक्ष या विपक्ष के किसी भी नेता का अपना एक व्यक्तित्व होता है, लेकिन राहुल गांधी का व्यक्तित्व क्या है? उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति में छोटी और ओछी राजनीति करने वाले राहुल गांधी हैं।

एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने किया वीडी शर्मा का स्वागत
वीडी शर्मा के रायपुर पहुंचने पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन और डॉ. नवीन मार्कंडेय मौजूद रहे।
इसके अलावा सत्कार विभाग के प्रदेश संयोजक आकाश विग, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता समेत कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान की बैठक में होंगे शामिल
जानकारी के मुताबिक, वीडी शर्मा 9 सितंबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे मध्यप्रदेश के लिए रवाना होंगे।
सेवा संकल्प अभियान को लेकर होने वाली बैठक में अभियान की 13 टोलियां शामिल होंगी। बैठक में जनसंवाद और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर बनेगी रणनीति
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर संगठन की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों, जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों को लेकर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
भाजपा संगठन की ओर से अभियान के जरिए सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने की तैयारी की जा रही है।