रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव बाजार के पास सड़क किनारे सब्जी लगाने वाले व्यापारियों और नगर निगम की टीम के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार सुबह अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम और सब्जी व्यापारियों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगे हैं।

घटना में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को चोटें आने की बात सामने आई है। वहीं, निगम प्रशासन ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। घटना के बाद राजस्व विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाने में FIR दर्ज की गई है।
अतिक्रमण हटाने के दौरान आमने-सामने आए निगमकर्मी और व्यापारी
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम भाठागांव बाजार के पास सड़क किनारे लगे सब्जी बाजार को हटाने पहुंची थी। इसी दौरान गुंजा सोनकर, छवीलाल सोनकर, वासु सोनकर समेत अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति बन गई। निगम की ओर से आरोप लगाया गया है कि विरोध कर रहे लोगों ने टीम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ मारपीट की और शासकीय कार्य में बाधा डाली।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
व्यापारियों का आरोप- सामान हटाने के बावजूद निगम टीम ने की धक्कामुक्की
वहीं, सब्जी व्यापारियों ने निगम की कार्रवाई पर अलग आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि निगम की टीम बाजार हटाने पहुंची तो उन्होंने कर्मचारियों से कुछ समय देने की मांग की थी। व्यापारियों के मुताबिक, वे खुद अपना सामान हटाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन निगम की टीम तत्काल सामान हटाने पर अड़ी रही।
व्यापारियों का आरोप है कि इसी दौरान धक्कामुक्की हुई और उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि व्यापारियों ने निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोप से इनकार किया है।
व्यापारियों ने कहा- यहीं से चलता है परिवार का खर्च
सब्जी व्यापारियों का कहना है कि भाठागांव बाजार उनकी रोजी-रोटी का मुख्य जरिया है। उनका दावा है कि वे कई वर्षों से यहां सब्जी बेचते आ रहे हैं और रोजाना तड़के करीब 3 बजे बाजार लगाने पहुंचते हैं।
व्यापारियों का सवाल है कि यदि उन्हें सड़क किनारे से हटा दिया जाता है तो वे अपना कारोबार कहां करेंगे। उन्होंने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
निगम बोला- अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई जारी रहेगी। निगम के मुताबिक, शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पुलिस ने निगम अधिकारी की शिकायत पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच करेगी।