बिलासपुर। बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने वर्तमान विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल की सक्रियता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मंत्री पद की संभावित उम्मीद के चलते वे विधानसभा में बिलासपुर के जनहित के मुद्दे नहीं उठा रहे हैं।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा के दौरान शैलेश पांडेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के मौजूदा कार्यकाल की आठ बैठकों के बावजूद अमर अग्रवाल ने बिलासपुर की समस्याओं को लेकर सरकार से एक भी सवाल नहीं पूछा। उनका आरोप है कि मंत्री पद की लालसा के कारण विधायक सरकार के खिलाफ सवाल उठाने से बच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव, पेयजल संकट, बढ़ते अपराध, ट्रैफिक व्यवस्था, जर्जर सड़कें, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, युवाओं के रोजगार, स्वामी आत्मानंद स्कूलों का बंद होना, कोनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, अपोलो अस्पताल में गरीबों के इलाज तथा हवाई सेवाओं जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दे आज भी लंबित हैं, लेकिन इन्हें विधानसभा में नहीं उठाया गया।
शैलेश पांडेय ने दावा किया कि अपने विधायक कार्यकाल में कांग्रेस सरकार के दौरान भी उन्होंने बिलासपुर के हित में विधानसभा में 392 सवाल पूछे थे। उन्होंने कहा कि एक विधायक का दायित्व सरकार के समक्ष जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना है, न कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के कारण मौन रहना।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा तक लगातार उठाती रहेगी।