
राजधानी भोपाल में रिहायशी इलाकों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों पर नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ व्यापारियों का विरोध लगातार बढ़ रहा है। आनंद नगर क्षेत्र के व्यापारियों ने पैदल मार्च निकालकर सीलिंग कार्रवाई का विरोध किया और रोजगार पर संकट का हवाला देते हुए कार्रवाई रोकने की मांग की।
नगर निगम की ओर से सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आधार पर रिहायशी क्षेत्रों में चल रही कमर्शियल गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि शहर के 6 हजार से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि कुछ दुकानों को सील भी किया जा चुका है।
मास्टर प्लान तक कार्रवाई रोकने की मांग
व्यापारियों का कहना है कि अचानक हो रही सीलिंग से लंबे समय से कारोबार कर रहे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। उनकी प्रमुख मांग है कि नए मास्टर प्लान के लागू होने तक सीलिंग की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। दूसरी ओर, नगर निगम का कहना है कि कार्रवाई न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप की जा रही है।