November 8, 2026

भाटापारा। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम कडार में अवैध शराब बिक्री और शराब बेचने वालों के कथित आतंक से परेशान ग्रामीणों ने अब पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। बड़ी संख्या में ग्रामीण आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू करने के साथ अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने SP को सौंपा आवेदन

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री लंबे समय से जारी है। पुलिस समय-समय पर कार्रवाई तो करती है, लेकिन इसका स्थायी असर नहीं होता। कार्रवाई के कुछ समय बाद ही संबंधित लोग दोबारा शराब बेचना शुरू कर देते हैं।

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि अवैध शराब बेचने वालों को शराब उपलब्ध कराने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती। इससे गांव में परेशानी बनी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आवेदन सौंपा और अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।

तीन महीने में 90 लोगों पर कार्रवाई: एएसपी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा ने बताया कि ग्रामीणों की ओर से अवैध शराब बिक्री को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।

एएसपी के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में अवैध शराब बिक्री के मामलों में 90 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अब ग्रामीणों को पुलिस प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई और गांव में शराबबंदी की मांग पर पहल का इंतजार है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *