इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय T20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। लेकिन इसी उत्साह का फायदा उठाकर साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। आधिकारिक टिकटों की बिक्री पूरी होने के बावजूद फर्जी वेबसाइटों और लिंक के जरिए सस्ते और कन्फर्म टिकट देने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठे जा रहे हैं।

इंदौर पुलिस और साइबर क्राइम ब्रांच ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि वे टिकट खरीदने के नाम पर किसी भी अनजान वेबसाइट या पेमेंट लिंक पर भरोसा न करें।
25 सितंबर को ही पूरी हो चुकी है टिकटों की बिक्री
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, भारत-वेस्टइंडीज T20 मुकाबले के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टिकटों की बिक्री 25 सितंबर को ही पूरी हो गई थी। फिलहाल आधिकारिक रूप से कोई टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं है।
इसके बावजूद इंटरनेट और सोशल मीडिया पर कई संदिग्ध वेबसाइट और फर्जी डोमेन सक्रिय हैं। ये पोर्टल दर्शकों को टिकट बुक करने का झांसा देकर भुगतान करा रहे हैं।
फर्जी वेबसाइटों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
फर्जी वेबसाइटों के जरिए पैसे गंवाने वाले कुछ लोगों ने इंदौर साइबर क्राइम ब्रांच में लिखित शिकायतें दर्ज कराई हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध यूआरएल और ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे पोर्टल्स की पहचान कर उन्हें ब्लॉक कराने और बंद करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि टिकट खरीदने से पहले वेबसाइट की प्रामाणिकता की जांच जरूर करें और सोशल मीडिया पर मिलने वाले अनजान लिंक के जरिए भुगतान करने से बचें।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया की अपील
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि 11 अक्टूबर को होने वाले अंतरराष्ट्रीय T20 मुकाबले के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उन्होंने कहा कि टिकटों की आधिकारिक बिक्री 25 सितंबर को ही बंद हो चुकी है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति, व्हाट्सएप ग्रुप या वेबसाइट मैच के टिकट उपलब्ध कराने का दावा करती है, तो नागरिकों को सतर्क रहना चाहिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या फर्जी पेमेंट लिंक पर पैसे ट्रांसफर न करें। ठगी का शिकार होने पर संबंधित साइबर क्राइम इकाई में शिकायत दर्ज कराएं।
क्रिकेट फैंस के लिए जरूरी सावधानी
भारत-वेस्टइंडीज मुकाबले को लेकर टिकटों की मांग के बीच साइबर ठगों से सतर्क रहना जरूरी है। सस्ते टिकट या तुरंत बुकिंग का लालच देकर भेजे गए लिंक पर भुगतान करने से आर्थिक नुकसान हो सकता है।
क्रिकेट प्रेमियों को सलाह दी गई है कि वे टिकट संबंधी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें और अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें।