
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) से 60 वर्षीय महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मरीज के H1N1 संक्रमित होने की जानकारी समय पर स्वास्थ्य विभाग को नहीं देने के आरोप में कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
16 दिन अस्पताल में भर्ती रही महिला
जानकारी के मुताबिक महिला करीब 16 दिनों तक इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती रही थीं। बाद में परिजन उन्हें इलाज के लिए उज्जैन ले गए, जहां 19 अगस्त को उनकी मौत हो गई। जांच में उनके H1N1 संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
स्वास्थ्य विभाग का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के संक्रमित होने की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को समय पर नहीं दी। इसे संक्रामक बीमारी की अनिवार्य रिपोर्टिंग में गंभीर चूक माना जा रहा है।
तीन डॉक्टरों की जांच समिति गठित
मामले की पूरी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तीन डॉक्टरों की विशेष समिति गठित की है। समिति अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड, मरीज की जांच रिपोर्ट और उपचार से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी।
इसके अलावा समिति यह भी पता लगाएगी कि H1N1 की पुष्टि होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग को सूचना देने में देरी क्यों हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
सभी अस्पतालों को तत्काल रिपोर्टिंग के निर्देश
घटना के बाद इंदौर के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को H1N1 समेत संक्रामक बीमारियों की तत्काल रिपोर्टिंग के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों की जानकारी छिपाने या रिपोर्टिंग में लापरवाही बरतने वाले अस्पतालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल जांच समिति की रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अस्पताल की ओर से वास्तव में किस स्तर पर लापरवाही हुई और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।