उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में जामा मस्जिद इलाके में कुछ देर शांति रहने के बाद एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग दोबारा एकत्र हुए और पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

वरिष्ठों और जनप्रतिनिधियों की अपील बेअसर
जानकारी के मुताबिक, जामा मस्जिद के सामने अचानक बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों, प्रतिनिधियों और शहर काजी ने भीड़ को समझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रित नहीं हो सकी।
इसके बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर दोबारा पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया।
पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज का किया इस्तेमाल
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाने का प्रयास किया। प्रशासन की प्राथमिकता इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और स्थिति को नियंत्रण में लेना है।
फिलहाल घटना में किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।
शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर चल रहा विवाद
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है। इसी क्रम में छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर विवाद सामने आया था। प्रशासन के अनुसार, मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के संबंध में मुस्लिम समाज के लोगों के साथ सहमति बनी थी।
हालांकि, इस कार्रवाई का विरोध कर रहे कुछ लोगों के कारण इलाके में तनाव की स्थिति बनी। ताजा घटनाक्रम के बाद प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।