भोपाल। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार ने सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश की कृषि उपज मंडियां अवकाश के दिनों में भी खुली रहेंगी और किसानों से सोयाबीन तथा मक्का की खरीदी की जाएगी। इससे किसानों को फसल बेचने के लिए छुट्टियां खत्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

सोयाबीन और मक्का की बंपर आवक को देखते हुए फैसला
प्रदेश की मंडियों में इन दिनों सोयाबीन और मक्का की आवक बढ़ रही है। किसानों को उपज बेचने में परेशानी न हो और खरीदी की प्रक्रिया बाधित न हो, इसके लिए सरकार ने छुट्टियों में भी मंडियां चालू रखने का निर्णय लिया है।
इस व्यवस्था से किसान अवकाश के दिनों में भी अपनी उपज मंडियों में ला सकेंगे और बिक्री कर पाएंगे।
किसानों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता: CM मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से फैसले की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों की सुविधा और उनकी उपज के सुगम उपार्जन के लिए मध्यप्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, किसानों की सुविधा, उनकी मेहनत का उचित मूल्य और उनके हितों की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सरकार के इस फैसले से किसानों को उपज बेचने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा। साथ ही छुट्टियों के कारण मंडियों में खरीदी रुकने की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।