धमतरी में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, कई दुकानों के लाइसेंस निलंबित, हजारों बोरी उर्वरक जब्त
खरीफ सीजन से पहले धमतरी जिला में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी अभियान के तहत विभागीय टीम ने विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान वंदना खाद भंडार में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बेचने और ग्राहकों को कम्प्यूटराइज्ड बिल नहीं देने की शिकायत सही पाई गई। अनियमितता की पुष्टि होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठान का उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिया। साथ ही दुकान में रखी 859 बोरी रासायनिक उर्वरक भी जब्त कर ली गई।
इसके अलावा पवार ट्रेडर्स से 600 बोरी तथा जय किसान ट्रेडर्स से 100 बोरी जैविक खाद जब्त की गई। दोनों प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
वहीं चण्डी ट्रेडर्स और किसान ट्रेडर्स के निरीक्षण में पीओएस मशीन के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया गया। साथ ही मूल्य सूची और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी भी प्रदर्शित नहीं की गई थी। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दोनों दुकानों के उर्वरक लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
कृषि विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से उर्वरक कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय अनिवार्य रूप से पक्का बिल लें और किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी तुरंत कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें।