रायपुर। नवा रायपुर में विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं होने पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने संबंधित एजेंसी Eagle Studios Entertainment Limited को औपचारिक नोटिस जारी किया है। संविदात्मक दायित्वों के पालन में कमी को देखते हुए एजेंसी की करीब 17 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी को इनवोक/जब्त किए जाने की कार्रवाई को लेकर भी नोटिस जारी किया गया है।

परियोजना के प्रथम चरण को 31 मार्च 2027 तक पूरा किया जाना निर्धारित है। टूरिज्म बोर्ड की समीक्षा में सामने आया कि उपलब्ध समय की तुलना में परियोजना की मौजूदा प्रगति पर्याप्त नहीं है। बोर्ड ने आशंका जताई है कि इसी गति से काम जारी रहा तो निर्धारित समय-सीमा प्रभावित हो सकती है।
100 एकड़ में विकसित हो रही फिल्म सिटी
नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में करीब 100 एकड़ में चित्रोत्पला फिल्म सिटी विकसित की जा रही है। इसे छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण, फिल्म पर्यटन और क्रिएटिव इंडस्ट्री के प्रमुख केंद्र के तौर पर विकसित करने की योजना है।
परियोजना में आधुनिक फिल्म स्टूडियो, इनडोर और आउटडोर शूटिंग सुविधाएं, विभिन्न प्रकार के स्थायी सेट, प्री और पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाओं समेत फिल्म निर्माण से जुड़ी अन्य अधोसंरचनाएं विकसित की जानी हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराने के साथ देश के अन्य हिस्सों के फिल्म निर्माताओं को राज्य की ओर आकर्षित करना है। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों और तकनीकी कर्मियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करने की भी योजना है।
डिजाइन और अनुमतियों में भी कमियां
टूरिज्म बोर्ड ने एजेंसी को आवश्यक डिजाइन और तकनीकी दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने, जरूरी अनुमतियां हासिल करने तथा पर्याप्त तकनीकी और पेशेवर अमला तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड की समीक्षा में निर्माण कार्य के अपेक्षित स्तर पर शुरू नहीं होने के साथ परियोजना प्रबंधन और विभिन्न जरूरी अनुमतियों से जुड़ी कमियां भी सामने आने की बात कही गई है।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि केवल आश्वासन, प्रस्तावित समय-सारिणी या पत्राचार को पर्याप्त अनुपालन नहीं माना जाएगा। एजेंसी को साइट पर वास्तविक और सत्यापन योग्य भौतिक प्रगति दिखानी होगी।
सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध समाप्त करने की कार्रवाई
टूरिज्म बोर्ड ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक सुधार नहीं होने पर बैंक गारंटी के इनवोकेशन के साथ अनुबंध समाप्त करने और अनुबंध एवं कानून के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
यानी फिलहाल करीब 17 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी को लेकर कार्रवाई नोटिस के स्तर पर है, जबकि आगे की कार्रवाई एजेंसी के अनुपालन और परियोजना की प्रगति पर निर्भर करेगी।
‘परियोजना में विलंब बर्दाश्त नहीं’
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी राज्य शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। उन्होंने कहा कि इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप धरातल पर दिखाई देने वाली ठोस प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं होने पर बैंक गारंटी जब्त करने से लेकर अनुबंध के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
बोर्ड का लक्ष्य परियोजना को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जवाबदेही के साथ पूरा करना है।