November 6, 2026

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में करीब 40 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग के तीन दिन के ऑरेंज अलर्ट के बीच जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। कई मार्गों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी इलाकों और पर्यटन स्थलों पर भी देखने को मिल रहा है।

नारायणपुरा रोड पर कच्चा मकान ढहा, परिवार बेघर

लगातार बारिश के चलते कोतवाली थाना क्षेत्र के नारायणपुरा रोड इलाके में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त घर में मौजूद निक्की नाम की महिला को मामूली चोट आई, जबकि घर में मौजूद छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए।

मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। लगातार बारिश के बीच परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से मदद की मांग की है।

उर्मिल नदी उफान पर, पुल के ऊपर से बह रहा पानी

भारी बारिश के कारण छतरपुर-लवकुशनगर मार्ग पर भी आवागमन प्रभावित हुआ है। उर्मिल नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जलस्तर बढ़ने और लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को नदी-नालों और जलमग्न मार्गों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

रनगुआ डैम के 7 गेट खोले गए

लगातार बारिश के बीच जलस्तर बढ़ने के बाद रनगुआ डैम के सात गेट खोलकर पानी की निकासी की गई है। इसके बाद निचले इलाकों में प्रशासन की ओर से सतर्कता बढ़ा दी गई है।

प्रशासन की नजर नदी किनारे और निचले क्षेत्रों पर बनी हुई है। जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

खजुराहो में विदेशी पर्यटकों की बस फंसी

बारिश और जलभराव का असर छतरपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल खजुराहो में भी देखने को मिला। यहां घूमने पहुंचे विदेशी पर्यटकों की बस रास्ते में जलभराव के कारण फंस गई। इससे पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

लगातार बारिश के कारण जिले में कई स्थानों पर सड़क और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है और लोगों से मौसम साफ होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *