राजनांदगांव/मोहला-मानपुर। विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन के दौरान राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा के बिना वर्दी हर्ष फायरिंग करने का मामला अभी चर्चा में है। इसी बीच मोहला-मानपुर के एसपी यशपाल सिंह और उनके बेटे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में उनका बेटा सर्विस गन हाथ में लिए नजर आ रहा है। इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार से पूछे सवाल
वीडियो सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सरकार से सवाल किया। उन्होंने लिखा कि जब कानून के रखवाले ही कानून की धज्जियां उड़ाएंगे, तो जनता की रक्षा कौन करेगा?
बघेल ने सवाल उठाया कि एसपी के बेटे को किस अधिकार के तहत फायरिंग की अनुमति दी गई और इस मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अब तक क्या कार्रवाई हुई है।
विधायक इंदर शाह मंडावी ने की जांच की मांग
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के विधायक इंदर शाह मंडावी ने भी मामले पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि विजयादशमी के अवसर पर रक्षित केंद्र में एसपी और उनके बेटे द्वारा हर्ष फायरिंग किए जाने के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
विधायक ने सवाल किया कि क्या एसपी के बेटे को हर्ष फायरिंग की अनुमति थी? जब कानून सभी के लिए समान है, तो क्या पुलिस अधिकारी के परिवार के लिए अलग नियम हैं?
मंडावी के मुताबिक, उन्होंने इस संबंध में आईजी अजय यादव से भी बात की है। आईजी ने उन्हें बताया कि वायरल वीडियो पिछले साल का है। इस पर विधायक ने कहा कि वीडियो पिछले साल का हो या इस साल का, उसकी सत्यता की जांच होनी चाहिए और निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में प्रशासनिक अधिकारी सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। मंडावी ने बताया कि उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, डीजीपी और आईजी को पत्र भी भेजा है।
आईजी अजय यादव ने वीडियो को बताया पुराना
इस मामले में आईजी अजय यादव ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में वायरल वीडियो को पुराना बताया। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल इस संबंध में उनके पास कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
फिलहाल वीडियो की तारीख और उसमें दिखाई दे रही गतिविधियों की आधिकारिक पुष्टि तथा मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।