November 6, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अभनपुर में मंडी रोड के पास सोमवार को सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ एक्टिवा पर सवार दो अन्य नाबालिग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही एक्टिवा पर बिना हेलमेट ट्रिपलिंग कर रहे थे। हादसा उस समय हुआ, जब वे आगे चल रहे हाईवा को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे।

मृतक की पहचान कृष्ण कुमार साहू (16 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों नाबालिग बकतरा सिंचाई कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं।

हाईवा को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हुई एक्टिवा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों नाबालिग एक्टिवा से मंडी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रहे हाईवा को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी एक्टिवा अनियंत्रित होकर हाईवा की चपेट में आ गई।

टक्कर के दौरान कृष्ण कुमार साहू हाईवा के पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

दो नाबालिग घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में एक्टिवा पर सवार अन्य दो नाबालिग भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घायल भी बकतरा सिंचाई कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

हाईवा जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल हाईवा को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। हादसे के बाद चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी में हाईवा को ओवरटेक करने के दौरान दुर्घटना होने की बात सामने आई है। वहीं, एक ही एक्टिवा पर तीन नाबालिगों के बिना हेलमेट सवार होने की जानकारी भी सामने आई है।

हालांकि, दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों और जिम्मेदारी का निर्धारण पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। अभनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *