अंबिकापुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-130 स्थित कुंवरपुर मोड़ के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से उत्तर प्रदेश जा रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार युवक वाहन के अंदर फंस गया था। हादसे की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल की पहचान अभिषेक पांडे, पिता अजय पांडे, निवासी भदोही, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में रायपुर के कबीर नगर इलाके में रह रहा था।
घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।