November 21, 2026

पन्ना/भोपाल। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री (EE) सीबी अहिरवार को राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया है। लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान मीडिया से बातचीत में दिए गए उनके विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शासन ने इसे मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है।

लोकायुक्त ने दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते पकड़ा

जानकारी के मुताबिक, लोकायुक्त सागर की टीम ने पन्ना में मझगांय मध्यम परियोजना के कैनाल स्लूस निर्माण कार्य के अंतिम भुगतान के एवज में रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई की थी। टीम ने संभागीय लेखा अधिकारी दीपक सिंह परमार को 15 हजार रुपये और सहायक ग्रेड-2 अरविंद कुमार पाठक को 30 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। दोनों के पास से कुल 45 हजार रुपये की रिश्वत बरामद की गई थी।

मीडिया के सामने दिया था विवादित बयान

कार्रवाई के बाद जब मीडिया ने जल संसाधन संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री सीबी अहिरवार से प्रतिक्रिया ली, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा था, “रिश्वत मांगना गलत है और हमारा कोई फिक्स प्रतिशत नहीं है, लेकिन अगर कोई प्यार से खुशी से कुछ दे देता है, तो मैं रख लेता हूं।”

उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद मामला चर्चा में आ गया और विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की मांग उठने लगी।

वल्लभ भवन से जारी हुआ निलंबन आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग, वल्लभ भवन भोपाल से शुक्रवार को निलंबन आदेश जारी किया गया। आदेश के मुताबिक, अहिरवार का मीडिया के सामने दिया गया बयान कदाचरण की स्वीकारोक्ति माना गया है और इसे मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन बताया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान सीबी अहिरवार का मुख्यालय कार्यालय प्रमुख अभियंता, जल संसाधन विभाग, भोपाल निर्धारित किया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *