November 8, 2026

रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी आज पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचीं। रायपुर एयरपोर्ट पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी उनके स्वागत और मुलाकात के लिए पहुंचे।

स्मृति ईरानी के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। राजधानी में होर्डिंग और बैनर लगाने से मना किए जाने के बाद भी जगह-जगह भाजपा के झंडे नजर आए। बताया जा रहा है कि किसी बड़े नेता के आगमन पर स्वागत के लिए बैनर-पोस्टर नहीं लगाने का यह पहला ऐसा आयोजन है। वहीं, भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से प्रस्तावित बाइक रैली को देर रात रद्द कर दिया गया।

स्मृति ईरानी के नेतृत्व में भाजपा को मजबूती मिलने की उम्मीद: बृजमोहन अग्रवाल

स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ आगमन पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और मजबूत होगी। सरकार संगठित होकर बेहतर काम करेगी।

स्वागत के लिए पोस्टर-बैनर नहीं लगाए जाने के सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि अनुभवी वरिष्ठ नेताओं को इस तरह की प्रतिस्पर्धा में उलझने के बजाय संगठन के काम पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को चुनाव लड़ना है, उनके पोस्टर लगाने से कोई विशेष फायदा नहीं है। कार्यकर्ताओं को संगठन को आगे बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए।

आज कई बैठकों में शामिल होंगी स्मृति ईरानी: लक्ष्मी वर्मा

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने भी स्मृति ईरानी का रायपुर पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के प्रवास के दौरान आज कई बैठकें आयोजित होंगी। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता और मजबूती के साथ काम करेंगे।

स्मृति ईरानी के इस दो दिवसीय दौरे में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा प्रस्तावित है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *