November 24, 2026

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में धनतेरस के दिन दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।

पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर लौट रहा था परिवार

यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रवान मुख्य सड़क मार्ग पर मंसा चौक के पास हुआ। मृतकों की पहचान निहारिका ध्रुव (16), उनके पिता रामचंद्र ध्रुव (39) और भाई टोमेश ध्रुव (12) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम खैरताल, थाना भाटापारा ग्रामीण के निवासी थे।

जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य पैसे निकालने के लिए बलौदाबाजार पोस्ट ऑफिस आए थे। इसके बाद तीनों एक ही बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर

इसी दौरान मंसा चौक के पास ट्रक क्रमांक CG08 AX6011 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रक चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और ट्रक भी जब्त कर लिया गया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार लाया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *