बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट में बैगा बच्चों की मौत की घटना के बाद कॉकरोज जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। इस दौरान स्थानीय पत्रकारों ने उन्हें घेरकर घटना को लेकर तीखे सवाल किए। पत्रकारों के सवालों के बीच अभिजीत दीपके अपनी देरी को लेकर सफाई देते नजर आए और उन्होंने माफी भी मांगी।

गांव पहुंचते ही पत्रकारों ने घेरा
शनिवार सुबह अभिजीत दीपके बालाघाट के एक गांव में पहुंचे। उनके वहां पहुंचने से पहले ही स्थानीय पत्रकार मौजूद थे। जैसे ही उनकी गाड़ी गांव में पहुंची, पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और कई सवाल पूछे।
पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि बालाघाट में इतनी बड़ी घटना के बाद वह इतनी देर से पीड़ित परिवारों से मिलने क्यों पहुंचे। इस पर दीपके ने अपनी देरी स्वीकार की और पत्रकारों से इसके लिए माफी मांगते नजर आए।
महिला पत्रकार ने पूछा- इतनी देर से क्यों आए?
वायरल वीडियो में एक महिला पत्रकार अभिजीत दीपके की ओर बढ़ते हुए उनसे तीखे अंदाज में सवाल करती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वह इतने दिनों बाद पीड़ित परिवारों की सुध लेने पहुंचे हैं और उनसे पूछा कि आखिर बालाघाट आने में इतनी देरी क्यों हुई।
इसी दौरान एक अन्य पुरुष पत्रकार ने भी दीपके से कहा कि “देरी कर दी भैया आपने आने में, इतने दिन हो चुके हैं, अब आप पधारे हैं।”
पत्रकारों के सवालों के बीच माफी मांगते नजर आए दीपके
लगातार सवालों के बीच अभिजीत दीपके ने बालाघाट आने में हुई देरी को स्वीकार किया। उन्होंने अपनी गलती के लिए पत्रकारों से माफी मांगते हुए कहा कि उन्हें पहले ही यहां पहुंचना चाहिए था।
इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। बैगा बच्चों की मौत की घटना के बाद से ही इस मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। अब दीपके के बालाघाट दौरे के दौरान पत्रकारों के सवाल-जवाब का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।