November 10, 2026

रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन-मंडीदीप क्षेत्र से लगे प्रसिद्ध रातापानी टाइगर रिजर्व से बाघ की मौत का मामला सामने आया है। रिजर्व के दाहोद रेंज अंतर्गत दाहोद डैम के पास बाघ का शव बरामद हुआ है। रिजर्व क्षेत्र में बाघ का शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई है।

करंट की चपेट में आने की आशंका

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बाघ की मौत खेत या जंगल में बिछाए गए अवैध विद्युत तार की चपेट में आने से हुई हो सकती है। हालांकि, वन विभाग ने अभी बाघ की मौत का कारण करंट लगना होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सूचना मिलते ही डीएफओ समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और मैदानी अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम कर रही जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची है। आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग की जा रही है, ताकि बाघ की मौत से जुड़े संभावित सुराग जुटाए जा सकें।

जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बाघ की मौत किन परिस्थितियों में हुई। संभावित शिकार और अवैध करंट समेत अन्य पहलुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है।

पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बाघ के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही बाघ की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

फिलहाल वन विभाग की टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच कर रही हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *