November 6, 2026

खैरागढ़। दनिया पुल पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। कान्हा-किसली घूमने जा रहे पांच दोस्तों की कार तेज बहाव में बहकर नदी के बीच फंस गई। कार में सवार पांचों लोग जान बचाने के लिए पेड़ के सहारे लटके रहे। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेज बहाव के बीच उतरकर पांचों लोगों का रेस्क्यू किया।

स्टॉपर से टकराई कार, तेज बहाव में बह गई

जानकारी के मुताबिक, 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 दनिया पुल पर पहुंची। बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुलिस ने पुल पर स्टॉपर लगाए थे।

पुलिस के मुताबिक, कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मार दी। मौके पर तैनात जवानों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक कार को आगे ले गया। इसके बाद कार तेज बहाव के बीच फंस गई और पानी के दबाव में सड़क से बहकर नदी की मझधार में पहुंच गई।

कार में सवार पांचों लोग किसी तरह बाहर निकले और पेड़ के सहारे अपनी जान बचाते रहे।

तेज बारिश और उफनते पानी में रेस्क्यू

घटना की जानकारी मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे, तेज बारिश और उफनते पानी के बीच उन्होंने खुद पानी में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे पांचों

खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा ने बताया कि गंडई थाना प्रभारी ने रात में पांच लोगों को डूबने से बचाया। उनकी कार दनिया पुल पर फंसने के बाद पानी के तेज बहाव में बह गई थी। थाना प्रभारी ने पानी में उतरकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

कार में सवार पांचों लोग रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे। हादसे के समय कार में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे सवार थे। सभी सुरक्षित हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *