रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने प्रदेश में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में हुई बैठक में उन्होंने प्रदेशभर की सड़कों और पुलों की स्थिति की समीक्षा की।

उपमुख्यमंत्री ने बारिश के दौरान सड़कों की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त और निविदा प्रक्रिया पूरी कर चुके नए निर्माण कार्यों को भी 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने को कहा।
क्षतिग्रस्त सड़कों के लिए बनेगी कार्ययोजना
अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए पुख्ता कार्ययोजना तैयार कर तत्काल काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संभागों को आवश्यकता के अनुसार सड़क मरम्मत और संधारण के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश भी दिए।
अधिकारियों को फील्ड में उतरकर सड़कों की जांच के निर्देश
उपमुख्यमंत्री ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों में अपने-अपने कार्यक्षेत्र का दौरा कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने को कहा।
उन्होंने सड़कों और पुलों के साथ-साथ डिवाइडरों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यपालन अभियंताओं को सप्ताह में दो से तीन दिन फील्ड में रहने के लिए भी कहा गया।
15 अक्टूबर से शुरू होंगे नए निर्माण कार्य
साव ने कहा कि जिन निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और जिनकी निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से पूरी गति के साथ शुरू किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों और यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा। कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन करने, जरूरत के अनुसार डायवर्टेड रूट उपलब्ध कराने और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए।
ठेकेदारों से कराएं परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत
उपमुख्यमंत्री ने परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण का काम संबंधित ठेकेदारों से तत्परता के साथ कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। साव ने अधिकारियों से कहा कि बेहतर गुणवत्ता वाले कार्यों के माध्यम से विभाग की सकारात्मक छवि को और मजबूत किया जाए।
कार्यालयों में चलाया जाएगा स्वच्छता अभियान
उपमुख्यमंत्री ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यालयों और परिसरों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-करकट से मुक्त रखने तथा पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अभियंताओं में एस.के. कोरी, ज्ञानेश्वर कश्यप, पी.एम. कश्यप, एन.के. जयंत, आर.के. रात्रे, समय लाल, के.पी. संत, टी.आर. कुंजाम, जी.एस. मंडावी और एस.के. कोर्राम शामिल रहे। प्रदेश के सभी संभागों के कार्यपालन अभियंता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।