September 21, 2026

दमोह। जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हटा रोड स्थित दुकान के शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। वारदात के दौरान चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे घसीटकर दुकान के बाहर तक ले आए। तिजोरी नहीं खुलने पर उसे बाहर ही छोड़कर फरार हो गए।

रात 1 से 3 बजे के बीच वारदात

पीड़ित दुकानदार जितेंद्र साहू के मुताबिक, वारदात शनिवार-रविवार की रात करीब 1 से 3 बजे के बीच हुई। अज्ञात चोरों ने पहले दुकान के शटर के ताले तोड़े और फिर अंदर घुसकर सामान खंगाला।

दुकानदार का दावा है कि चोर दुकान के काउंटर और अन्य स्थानों से करीब 120 ग्राम सोना, 15 किलो चांदी और 80 हजार रुपये नकद ले गए। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत और मात्रा की पुष्टि जांच के बाद हो सकेगी।

तिजोरी घसीटकर दुकान के बाहर लाए

चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को खोलने का भी प्रयास किया। जब वे तिजोरी खोलने में सफल नहीं हुए तो उसे बाहर निकालने की कोशिश की।

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों को तिजोरी घसीटकर दुकान के बाहर ले जाते हुए देखा गया है। हालांकि, बाहर लाने के बाद भी तिजोरी नहीं खुली और चोर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

सुबह स्थानीय लोगों ने दी दुकानदार को सूचना

रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर खुला देखा। दुकान के बाहर तिजोरी पड़ी होने पर उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने दुकानदार जितेंद्र साहू को सूचना दी।

दुकानदार के मौके पर पहुंचने के बाद चोरी की घटना सामने आई। इसके बाद तत्काल पटेरा पुलिस को सूचना दी गई।

CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध

चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दुकान के आसपास और अंदर दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पटेरा पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए।

मामले की जांच में साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि संदिग्धों की आवाजाही के बारे में जानकारी मिल सके।

थाना प्रभारी बोलीं- फुटेज के आधार पर तलाश जारी

पटेरा थाना प्रभारी रचना मिश्रा ने बताया कि ज्वेलरी शॉप में चोरी की घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 से 3 बजे के बीच हुई है। CCTV फुटेज में कुछ अज्ञात संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश की जा रही है। मामले की जांच में साइबर सेल की सहायता भी ली जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *