इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की जेल में प्रतिबंधित सामान पहुंचाने की कोशिश का मामला सामने आया है। जेल के एक प्रहरी की तलाशी के दौरान उसके अंडरगारमेंट्स और जूतों में छिपाकर रखे गए बीड़ी और तंबाकू के पैकेट बरामद किए गए। मुख्य गेट पर हुई यह कार्रवाई जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में की गई। मामले में प्रहरी को ड्यूटी से हटाकर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

रात 2 बजे तलाशी में पकड़ा गया प्रहरी
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात उप जेलर राकेश उपाध्याय, चंद्रिका पटेल, नानूराम सोनी और विजय आर्य ड्यूटी पर तैनात थे। रात करीब 2 बजे जेल प्रहरी देवेंद्र चौहान ड्यूटी पर पहुंचा। मुख्य गेट पर उसकी सामान्य तलाशी ली गई, लेकिन संदेह होने पर दोबारा सख्ती से जांच की गई।
इस दौरान उसके अंडरगारमेंट्स, अंदरूनी कपड़ों और जूतों में छिपाकर रखे गए बीड़ी और तंबाकू के पैकेट मिले। तलाशी और जब्ती की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई।
शुभम नेपाली तक पहुंचाई जानी थी सामग्री
पूछताछ में प्रहरी ने कथित तौर पर बताया कि प्रतिबंधित सामग्री जेल में बंद कैदी तक पहुंचाई जानी थी। इसमें द्वारकापुरी क्षेत्र के नशा कारोबारी बताए जा रहे शुभम नेपाली का नाम सामने आया है।
शुरुआत में कुछ रिपोर्टों में चरस मिलने की बात भी कही गई थी। हालांकि, जेल अधीक्षक ने बीड़ी और तंबाकू के पैकेट मिलने की पुष्टि की है और चरस बरामद होने की बात से इनकार किया है।
प्रहरी को ड्यूटी से हटाया, विभागीय जांच शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने देवेंद्र चौहान को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में इस काम के बदले प्रहरी को मोटी रकम मिलने की बात भी सामने आने का दावा किया गया है।
जांच में अब यह पता लगाया जाएगा कि प्रतिबंधित सामग्री जेल के भीतर किसे पहुंचाई जानी थी और इस कोशिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।