1 जुलाई से लागू होगी वीबी-जी रामजी योजना, ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह, ग्राम सभाओं में दी जा रही जानकारी
प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से लागू की जा रही वीबी-जी रामजी (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला स्तर पर लगातार बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों और लाभों की जानकारी दी जा रही है।

योजना को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न गांवों में आयोजित ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होकर योजना की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं और इसके सफल क्रियान्वयन में सहयोग का संकल्प ले रहे हैं। इसी क्रम में बेमेतरा जिले के जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा और देवरी में ग्रामीणों ने जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला बनाकर अनूठी पहल की। ग्रामीणों ने “वीबी-जी रामजी–गांव की प्रगति, हम सबकी जिम्मेदारी”, “रोजगार और आजीविका का नया संबल” तथा “समृद्ध गांव, सशक्त परिवार” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री Shivraj Singh Chouhan ने भी इस पहल की सराहना करते हुए अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बेमेतरा जिले से आई यह तस्वीर ग्रामीणों की जागरूकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने भी मानव श्रृंखला को योजना के प्रति जन-जागरूकता का प्रतीक बताते हुए इसकी प्रशंसा की है।
मानव श्रृंखला के माध्यम से ग्रामीणों ने यह संदेश दिया कि यह केवल एक सरकारी योजना नहीं बल्कि ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में जनभागीदारी का अभियान है। इस दौरान ग्रामीणों ने पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी देने का संकल्प भी लिया।
ग्राम सभाओं में अधिकारियों ने बताया कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा परिवारों की आय में वृद्धि करना है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायत स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कार्ययोजना के अनुसार 30 जून 2026 तक पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा हितग्राहियों का प्रशिक्षण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि योजना का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ग्राम सभाओं, चौपालों, पोस्टर-बैनर, मुनादी, प्रचार रथ और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन भी लोगों को योजना की जानकारी देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस बीच उप मुख्यमंत्री Vijay Sharma ने भी सोशल मीडिया पर लाइव आकर आगामी ग्राम सभाओं और वीबी-जी रामजी योजना की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और नागरिकों के सवालों का जवाब भी दिया।
ग्रामीणों को उम्मीद है कि 1 जुलाई से योजना के लागू होने के बाद प्रदेश के लाखों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार बढ़ाने और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।