रायपुर। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों के AICC प्रभारी महासचिव और प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। पार्टी ने सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को असम का AICC महासचिव प्रभारी बनाया गया है।
कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में भी हलचल तेज होने के आसार हैं। पार्टी के प्रदेश संगठन और आने वाले राजनीतिक अभियानों में नए प्रभारी की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता सचिन पायलट को पंजाब का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है। सुरजेवाला को गुजरात के साथ कर्नाटक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इसके अलावा पार्टी ने डॉ. सिरीवेला प्रसाद को महाराष्ट्र और पी.वी. मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इन संगठनात्मक नियुक्तियों की जानकारी दी।
तीन नेताओं की मौजूदा जिम्मेदारियां खत्म
संगठन में फेरबदल के तहत कांग्रेस ने मौजूदा महासचिव/प्रभारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है। पार्टी ने जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर को उनकी वर्तमान प्रभारी जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया है।
कांग्रेस ने निवर्तमान महासचिवों और प्रभारियों के योगदान की सराहना भी की है। वहीं मुकुल वासनिक AICC महासचिव के पद पर बने रहेंगे।
छत्तीसगढ़ में नए प्रभारी की नियुक्ति से बढ़ेगी सियासी हलचल
सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रदेश संगठन में नई रणनीति और नेतृत्व को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। आने वाले समय में कांग्रेस के संगठनात्मक कार्यक्रमों, सरकार के खिलाफ आंदोलनों और प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों में नए प्रभारी की भूमिका अहम हो सकती है।
वहीं भूपेश बघेल को असम की जिम्मेदारी मिलने से उनकी राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक भूमिका भी बढ़ी है। अब असम में कांग्रेस के संगठन और राजनीतिक गतिविधियों को मजबूत करने की जिम्मेदारी उनके पास होगी।