श्योपुर। मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में 19 महीने के नर चीते KNG22 की गोली के छर्रे लगने से हुई मौत के मामले को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। मामले की विस्तृत जांच और वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने तीन वरिष्ठ अधिकारियों की केंद्रीय टीम गठित की है। यह टीम मध्य प्रदेश वन विभाग और राज्य सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (STF) के साथ मिलकर जांच करेगी।

मंत्रालय ने ‘प्रोजेक्ट चीता’ के राष्ट्रीय महत्व और वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए इस घटना को संवेदनशील माना है। केंद्रीय टीम को घटनाक्रम की परिस्थितियों की पड़ताल करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है।
तीन वरिष्ठ अधिकारी टीम में शामिल
केंद्रीय जांच दल में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ फॉरेस्ट्स, वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) के अतिरिक्त निदेशक और WCCB के क्षेत्रीय उप निदेशक को शामिल किया गया है।
घटनास्थल के साक्ष्यों की जांच और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
टीम श्योपुर और कूनो पहुंचकर चीते की मौत से जुड़े घटनाक्रम और परिस्थितियों की जांच करेगी। इसमें घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल, राज्य के वन विभाग के साथ समन्वय और मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल तथा निगरानी व्यवस्था की समीक्षा शामिल है।
जांच पूरी होने के बाद टीम अपनी रिपोर्ट और सिफारिशें केंद्रीय मंत्रालय को सौंपेगी। इसके आधार पर संबंधित फील्ड अधिकारियों और राज्य सरकार को आगे की कार्रवाई के लिए निर्देश दिए जा सकते हैं।
25 अक्टूबर को घायल मिला था चीता
मादा चीता नीरवा का 19 महीने का शावक KNG22 25 अक्टूबर को कूनो संरक्षित क्षेत्र के बाहर मुरैना के क्षेत्रीय वन क्षेत्र में घायल अवस्था में मिला था। उसी दिन श्योपुर टेरिटोरियल फॉरेस्ट डिवीजन की टीम ने उसे रेस्क्यू किया और इलाज के लिए जबलपुर की पशु चिकित्सा सुविधा में भेजा।
गंभीर हालत में चीते की सर्जरी की गई। इस दौरान उसके शरीर से बंदूक के पांच छर्रे निकाले गए। इलाज के प्रयासों के बावजूद 27 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। चिकित्सा जांच में छर्रों से उसके अंदरूनी अंगों को गंभीर चोट पहुंचने की पुष्टि हुई।
राज्य सरकार इस मामले की जांच के लिए पहले ही वन और पुलिस अधिकारियों की विशेष कार्यबल (STF) गठित कर चुकी है। अब केंद्रीय टीम भी जांच में शामिल होगी।