उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित खड़े हनुमान मंदिर में प्रतिमा की कथित तौर पर आधी रात को जांच किए जाने का मामला सामने आया है। दावा है कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात प्रशासनिक अमले और विशेष जांच दल ने मंदिर पहुंचकर हनुमान प्रतिमा की स्क्रीनिंग की। इस दौरान जांच में इस्तेमाल की जा रही मशीन के खराब होने का वीडियो भी सामने आया है। घटना को लेकर धार्मिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई है।

आधी रात को मंदिर पहुंची जांच टीम
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों के मुताबिक, एसडीएम एल.एन. गर्ग के नेतृत्व में नगर निगम का अमला और भोपाल से आया विशेष जांच दल रात करीब 12:30 बजे से 2 बजे के बीच मंदिर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि टीम ने प्रतिमा की गहराई और मजबूती की जांच के लिए स्क्रीनिंग की।
वीडियो में एक अधिकारी की आवाज सुनाई दे रही है, जिसमें मशीन खराब होने की बात कही जा रही है। मशीन के अचानक बंद होने को कुछ लोग चमत्कार से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, जांच के उद्देश्य और मशीन खराब होने के कारण को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
VHP और बजरंग दल ने जताई नाराजगी
आधी रात को हुई कथित जांच पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के जिला अध्यक्ष राजेश आंजना ने आपत्ति जताई है। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि वह खड़े हनुमान को भगवान मानता है या नहीं। आंजना ने कहा कि जिस समय मंदिर में पुजारी, साधु-संतों और आम लोगों का प्रवेश वर्जित रहता है, उस समय रात में इस तरह की जांच करना उचित नहीं है। उन्होंने इसे सनातन के खिलाफ बताते हुए विरोध की बात कही।
BJP पार्षद ने भी उठाए सवाल
सत्ताधारी भाजपा के पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने भी जांच के समय और तरीके पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि एसडीएम एल.एन. गर्ग और भोपाल से आए जांच दल को रात के अंधेरे में स्क्रीनिंग करने की क्या जरूरत थी, जबकि यह काम दिन में भी किया जा सकता था।
तिवारी ने प्रशासन से पारदर्शिता बरतने और जनभावनाओं का सम्मान करने की मांग की। उन्होंने मशीन खराब होने की घटना को आस्था से जोड़ते हुए इसे खड़े हनुमान की उपस्थिति का प्रमाण बताया।
फिलहाल, मंदिर में हुई जांच को लेकर उज्जैन में धार्मिक और राजनीतिक हलचल तेज है। अब सभी की नजर प्रशासन के आधिकारिक बयान और जांच के उद्देश्य पर है।