November 13, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में पार्टी छोड़कर गए नेताओं की घर वापसी को लेकर मतभेद सामने आए हैं। हाल ही में हुई संभागीय बैठकों में कई जिलों के पदाधिकारियों ने पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और संगठन में पद संभाल चुके उन नेताओं को दोबारा पार्टी में शामिल करने का विरोध किया, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।

यह मुद्दा जिला अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक में भी उठा। बैठक में शामिल पदाधिकारियों ने ऐसे नेताओं की वापसी पर आपत्ति जताई। इससे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की ओर से शुरू किए जाने वाले घर वापसी अभियान को लेकर संगठन के भीतर चर्चा तेज हो गई है।

वापसी के लिए आसान नहीं होगी राह

विधानसभा और लोकसभा चुनावों के बाद कांग्रेस के कई बड़े नेताओं और पदाधिकारियों ने पार्टी छोड़ दी थी। इनमें से कुछ नेताओं के वापस कांग्रेस में आने की चर्चा है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हाल ही में घर वापसी अभियान चलाने की बात कही थी।

हालांकि, जिला स्तर पर हो रहे विरोध के बीच पार्टी छोड़कर गए नेताओं की वापसी को लेकर सहमति बनाना संगठन के लिए चुनौती हो सकता है। पार्टी में यह मांग उठ रही है कि ऐसे नेताओं को सीधे शामिल करने के बजाय उनके पुराने राजनीतिक रिकॉर्ड और संगठन में भूमिका पर विचार किया जाए।

फूल सिंह बरैया बोले- संगठन सोच-समझकर फैसला करे

कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने इस मुद्दे पर कहा कि संगठन को घर वापसी के मामले में सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए। बैठक में यह तय होना चाहिए कि किस नेता की वापसी होनी चाहिए और किसकी नहीं।

बरैया ने कहा कि सभी पक्षों पर विचार करने के बाद संगठन जो निर्णय करेगा, वह सभी को मान्य होगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *