भोपाल। त्योहारी सीजन से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। राजधानी भोपाल में विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन के बाहर कार्रवाई करते हुए 700 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।

मुरैना से भोपाल लाया गया था पनीर
जानकारी के मुताबिक, खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में एनालॉग पनीर भोपाल लाकर बाजार में खपाने की तैयारी है। इसके बाद विभाग की टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन के बाहर दबिश दी और 700 किलो पनीर पकड़ा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पनीर मुरैना से भोपाल लाया गया था। आशंका है कि इसे दीपावली के दौरान स्थानीय बाजारों और डेयरी संचालकों तक सप्लाई किया जाना था। हालांकि, इसकी सप्लाई से जुड़े लोगों और खरीदारों के बारे में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
नमूने जांच के लिए भेजे, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने जब्त पनीर के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद पनीर की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।