September 21, 2026

रायपुर। झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में विशेष NIA अदालत ने 16 सितंबर को 10 दोषियों को मौत की सजा सुनाई। इसी बीच पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने झीरम मामले की जांच को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि घटना को 13-14 साल बीतने के बाद भी जांच एजेंसी मुख्य दोषियों तक नहीं पहुंच पाई है।

धनेंद्र साहू ने दावा किया कि जिन लोगों को इस मामले में दोषी ठहराया गया है, वे वास्तविक हत्यारे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सजा पाने वाले लोग नौकर-चाकर और कर्मचारी वर्ग से जुड़े हैं, जबकि मोस्टवांटेड लोगों तक जांच एजेंसी नहीं पहुंच पाई।

हल्दी बीज की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल

हल्दी बीज वितरण में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर धनेंद्र साहू ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में बड़ी मात्रा में नकली और अमानक बीज की बिक्री हो रही है।

उन्होंने कहा कि हल्दी के बीज भी अमानक पाए गए हैं और सहकारी सेवा केंद्रों में भी खराब गुणवत्ता के बीज मिलने की शिकायतें हैं। उनके मुताबिक, सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने में विफल रही है।

आंबेडकर अस्पताल में चूहों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

आंबेडकर अस्पताल में चूहों को मारने के लिए 25 लाख रुपये खर्च किए जाने के मुद्दे पर भी धनेंद्र साहू ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने सवाल किया कि अगर चूहों को मारने के लिए इतनी राशि खर्च की गई है तो कितने चूहे मारे गए, इसका हिसाब भी सामने आना चाहिए।

धनेंद्र साहू ने आरोप लगाया कि दवाइयों की खरीद समेत अलग-अलग मामलों में भ्रष्टाचार हो रहा है और सरकार इस पर कार्रवाई नहीं कर रही है।

निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना

आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर धनेंद्र साहू ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने महंगाई, बिजली, स्मार्ट मीटर, जलभराव और सफाई व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। धनेंद्र साहू ने दावा किया कि जनता भाजपा को हराने के लिए तैयार है और चुनाव में कांग्रेस को समर्थन मिलेगा।

PM आवास योजना को लेकर कही ये बात

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर धनेंद्र साहू ने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार से योजना से जुड़ी कमियों को दूर करने और पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराने की मांग की।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की ओर से दिए गए कुछ आंकड़ों को लेकर सवाल उठे हैं और इस मुद्दे पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।

सेवा संकल्प अभियान पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान पर भी धनेंद्र साहू ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि केवल फोटो खिंचवाने के लिए सफाई अभियान चलाने से लोगों की समस्याएं दूर नहीं होंगी।

धनेंद्र साहू ने महंगाई और भ्रष्टाचार को कम करने को ही जनता की वास्तविक सेवा बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा की लोकप्रियता को लेकर भी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि सरकार बनावटी लोकप्रियता बनाने की कोशिश कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *