November 5, 2026

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से राशि लेने और आवास निर्माण नहीं करने की शिकायतों पर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत दो अलग-अलग मामलों में दो ठेकेदारों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, कुल 9 हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर 5 लाख 9 हजार रुपये लिए गए, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि गरीबों के पक्के मकान के लिए स्वीकृत राशि का दुरुपयोग और हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण में अनियमितता या लापरवाही करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गरीबों के आवास की राशि पर केवल हितग्राहियों का अधिकार: विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि हर जरूरतमंद परिवार को पक्का आवास मिले। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है। इस राशि का दुरुपयोग करने या निर्माण के नाम पर गरीब परिवारों को परेशान करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

राजाढ़ार में 5 हितग्राहियों से ₹3.20 लाख लेने की शिकायत

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य नहीं करने की शिकायत सामने आई है। इस मामले में ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ 14 अक्टूबर को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 318(4) के तहत FIR दर्ज की गई है।

शिकायत के अनुसार, हितग्राहियों से ली गई राशि का विवरण इस प्रकार है:

  • देवसिंह: 60 हजार रुपये
  • मंधोर बाई: 60 हजार रुपये
  • पुसिया बाई: 60 हजार रुपये
  • कौशिल्या बाई: 80 हजार रुपये
  • ननकी बाई: 60 हजार रुपये

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, राशि दिए जाने के करीब डेढ़ साल बाद भी आवासों का निर्माण नहीं हुआ और न ही पैसे वापस किए गए। इसके बाद हितग्राहियों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

आमानारा में 4 हितग्राहियों से ₹1.89 लाख लेने का आरोप

दूसरा मामला बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत आमानारा का है। यहां चार हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को थाना तरेगांव जंगल में FIR दर्ज की गई।

शिकायत के अनुसार, हितग्राहियों से ली गई राशि का विवरण इस प्रकार है:

  • बैसाखू बैगा: 64 हजार रुपये
  • सुकोर बाई: 60 हजार रुपये
  • सोनिया बाई: 45 हजार रुपये
  • रनो बाई: 20 हजार रुपये

इन चारों हितग्राहियों से कुल 1 लाख 89 हजार रुपये लेने की शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले में थाना तरेगांव जंगल में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व देने का माध्यम है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के लिए आवास निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना और स्वीकृत राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना जरूरी है। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार गरीबों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *