छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर इलाके में गिट्टी ढो रहे एक ट्रैक्टर ने छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पैरेंट्स मीटिंग से पिता के साथ लौट रही थी छात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, मृत छात्रा की पहचान रिद्धिमा के रूप में हुई है। वह बिश्रामपुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ती थी। रिद्धिमा अपने पिता के साथ स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के बाद घर लौट रही थी।
इसी दौरान केशवनगर इलाके में गिट्टी की ढुलाई कर रहे ट्रैक्टर की चपेट में वह आ गई। हादसे में 13 वर्षीय रिद्धिमा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, चालक गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक के ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही और ओवरटेक के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।