नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में गुरुवार शाम जंगली बायसन के हमले में 26 वर्षीय सैन्य जवान आकाश चौहान की मौत हो गई। जवान आर्मी एजुकेशन सेंटर के खेल मैदान में अभ्यास कर रहे थे, तभी बायसन ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पीछे से आकर पेट में मारा सींग
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के असिस्टेंट डायरेक्टर संजीव शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवान की मौत बायसन के हमले के कारण हुई है। जानकारी के मुताबिक, अभ्यास के दौरान बायसन ने पीछे से आकर आकाश चौहान के पेट में सींग मार दिया। इससे उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद जवान को मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
चीनी भाषा की ट्रेनिंग के लिए आए थे पचमढ़ी
थाना प्रभारी गोपाल घासले ने भी जवान की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आकाश चौहान 17वीं कमांड रेजिमेंट से संबंधित थे और पचमढ़ी में दो साल के चीनी भाषा प्रशिक्षण के लिए आए हुए थे। वे मूल रूप से देहरादून के पास पानागढ़ देहरा के रहने वाले थे।
रिहायशी इलाकों में भी बायसन दिखने का दावा
घटना के बाद स्थानीय लोगों में जंगली बायसन की मौजूदगी को लेकर चिंता है। पचमढ़ी के रहवासियों का कहना है कि पिछले दो दिनों से खालसा होटल के पास पटेल रोड और आसपास के रिहायशी इलाकों में आधा दर्जन से अधिक बायसन रात के समय घूमते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत बताई है।