November 6, 2026

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका इलाज रायपुर में चल रहा है। मामले में कोंडागांव पुलिस ने करण कुंजाम, पिता दिनेश कुंजाम और एक महिला समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इसकी सूचना मिलने के बाद बालोद पुलिस की टीम कोंडागांव के लिए रवाना हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले का विस्तृत खुलासा जांच के बाद किया जाएगा।

लाइब्रेरी से घर लौट रही छात्रा पर हमला

जानकारी के मुताबिक, छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

हमले के बाद छात्रा तेज जलन के कारण चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।

चेहरे और आंखों के आसपास भी झुलसने की जानकारी

पुलिस के अनुसार, एसिड हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चेहरे और आंखों के आसपास भी जलने की चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज रायपुर में जारी है।

घटना के बाद आरोपी युवक के पैदल तांदुला बांध की ओर जंगल में भागने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के जिलों के थानों को भी सूचना भेजी।

घटना की जानकारी मिलने पर टीआई, एसपी और एएसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

कोंडागांव में बस से पकड़े गए दो संदिग्ध

मामले में कोंडागांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को महिंद्रा बस से पकड़ा। कोंडागांव के इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के मुताबिक, बालोद पुलिस से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई और इसकी जानकारी बालोद पुलिस को दे दी गई है।

पकड़े गए संदिग्धों में करण कुंजाम और एक महिला शामिल बताई गई है। बालोद पुलिस की टीम दोनों से संबंधित आगे की कार्रवाई के लिए कोंडागांव रवाना हो गई है।

हमले की वजह और एसिड के प्रकार का खुलासा बाकी

फिलहाल छात्रा पर हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले में किस प्रकार के एसिड का इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जानकारी बालोद पुलिस जांच के बाद सामने रखेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *