November 6, 2026

रायपुर। कांग्रेस नेता को गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल पाया है।

आरोपी की जानकारी देने पर मिलेगा नकद इनाम

पुलिस की ओर से जारी इनाम उद्घोषणा के अनुसार, तेलीबांधा थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 में शोएब ढेबर फरार है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।

इनाम देने के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र, रायपुर का होगा।

पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर

शोएब ढेबर के बारे में जानकारी देने के लिए पुलिस ने ये संपर्क नंबर जारी किए हैं:

  • सहायक पुलिस आयुक्त, सिविल लाइन: 94252-62002
  • थाना प्रभारी, तेलीबांधा: 99074-71911
  • निरीक्षक सतीश सिंह: 94061-17235

क्या है 25 करोड़ रुपये की रंगदारी का मामला?

पुलिस के मुताबिक, मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोप है कि संदेश भेजने वाले ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज किया गया। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की।

पांच आईफोन किए गए थे जब्त

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान शोएब ढेबर को पकड़ा गया था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई, जब्त किए गए थे।

इसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। पुलिस के अनुसार, बाद में 28 सितंबर को नियमित अदालत में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी गई, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

दोबारा अपराध की आशंका के मद्देनजर इनाम घोषित

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी के दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले के लिए इनाम घोषित किया गया है। अब पुलिस आम लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *